झांसी।कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष बुंदेलखंड क्रांति दल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में मतदाताओं को समान अवसर न दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव है, जिसके कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से अनावश्यक रूप से काटे जाने की आशंका उत्पन्न हो गई है। इससे आम मतदाताओं में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह के अनुसार बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं को नोटिस तो विधिवत रूप से प्राप्त कराए जा रहे हैं, लेकिन जब मतदाता अपने स्तर से इन नोटिसों का जवाब तहसील कार्यालय में जमा करने पहुंचते हैं, तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनके जवाब की रिसीविंग नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि रिसीविंग न मिलने की स्थिति में मतदाता यह प्रमाणित नहीं कर पाता कि उसने समय पर अपना जवाब प्रस्तुत किया है, और इसी आधार पर उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है, जो सीधे-सीधे मतदाता के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
अंत में उन्होंने मांग की कि सभी तहसीलों में स्पष्ट निर्देश जारी कर एसआईआर नोटिस के जवाब जमा करने वाले प्रत्येक मतदाता को अनिवार्य रूप से लिखित रिसीविंग प्रदान की जाए, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बन सके।
