गुरसरांय (झांसी)। ग्राम पंचायत मडो़री में समाजसेवी मान खां द्वारा आगामी 5 फरवरी को पांच गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। इस पुनीत कार्य को लेकर गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है।इसी क्रम में रविवार को समाजसेवी मान खां ने ढोल-नगाड़ों के साथ ग्राम मडो़री में भव्य रूप से पीले चावल बांटने की रस्म निभाई। मान्यता के अनुसार यह रस्म विवाह में आमंत्रण का प्रतीक मानी जाती है। इस दौरान मान खां स्वयं गांव की गलियों में पहुंचे और घर-घर जाकर लोगों को शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया। पीले चावल वितरण कार्यक्रम में गांव के कई गणमान्य नागरिक, बुजुर्ग,युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने समाजसेवी मान खां के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन से न केवल गरीब परिवारों को सहारा मिलता है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
