समथर (झांसी)- नगर में स्थित रामलीला मैदान में आज दोपहर में हिंदू संचालन समिति के तत्वाधान में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, समाजसेवी, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं राम-जानकी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रान्त प्रचारक श्रीराम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में हिन्दू समाज को संगठित रहने, संस्कारों को अपनाने तथा राष्ट्र सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती ही राष्ट्र की मजबूती का आधार होती है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर प्रान्त की मातृ शक्ति संयोजिका डा. सीमा उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, पारिवारिक मूल्यों एवं समाज निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने महिलाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर महंत नरहरिदास एवं बाल संत बालक दास ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए धर्म, संस्कृति एवं सेवा भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य अतिथि महंत रामदूत दास ने अपने उद्बोधन में युवाओं को संस्कारित जीवन जीने और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
सम्मेलन के दौरान देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हुई, जिससे वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायक बना। कार्यक्रम समापन पर आयोजकों द्वारा सभी मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को शाल व भगवान राम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर नगर एवं क्षेत्र के समस्त हिन्दू वर्ग के लोग उपस्थित रहे।
