गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित काशीराम कॉलोनी में गुरुवार को सुबह लगभग 8:00 बजे एक 22 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान यश कुमार अहिरवार (22 वर्ष) पुत्र बालमुकुंद अहिरवार, निवासी गांधीनगर (वर्तमान निवास काशीराम कॉलोनी) के रूप में हुई है।बताया गया है कि यश अपने परिवार के साथ नोएडा में रहकर एक निजी कंपनी में कार्य करता था और 13 जनवरी को गुरसरांय अपने बैंक खाते की केवाईसी अपडेट कराने के लिए आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, यश दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई अंशुल है। घटना के समय यश घर पर अकेला था। जब काफी देर तक परिजनों द्वारा फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं की,तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। मौके पर पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला,जिसके बाद परिजन सीढ़ी की सहायता से छज्जे के रास्ते कमरे के अंदर पहुंचे,जहां यश का शव फंदे से लटका मिला।घटना की सूचना तत्काल गुरसरांय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक उम्मेद सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी फॉरेंसिक टीम को दी। समाचार लिखे जाने तक फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के माता-पिता के आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
