झाँसी। अक्षय जनसेवा समिति द्वारा विगत एक माह पूर्व प्रारंभ किए गए मेहंदी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करने हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अक्षय जनसेवा समिति कार्यालय के समीप स्थित आर्यन मेकअप मंत्रा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संदीप सरावगी एवं संजय पटवारी की उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में अक्षय जनसेवा समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं प्रशिक्षण कार्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन डी. एम. सिंह, कार्यक्रम संयोजक, अक्षय जनसेवा समिति द्वारा किया गया। उन्होंने समिति की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
समिति की अध्यक्ष श्रीमती सविता पचौरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना है और मेहंदी प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम उसी दिशा में एक प्रयास हैं।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण, प्रशिक्षणार्थी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक रहा। इस दौरान पप्पू शर्मा, सुनील सिंह, सरोज, अनिल वेश,संध्या पाठक, मोहन सिंह डंगोर, पूनम अवस्थी,नीलू कौशल, रिंकी कुशवाहा, इंजी मयंक श्रीवास्तव, संजीव विश्कर्मा, हेमंत कुशवाहा व क्षेत्र की कई महिलाएँ एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। आभार मनोज पाठक ने व्यक्त किया.
