झाँसी-उल्दन थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत की रखवाली करने गए एक वृद्ध किसान की झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 80 वर्षीय महीपत सिंह ठाकुर पुत्र पहाड़ सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, महीपत सिंह ठाकुर रोजाना की तरह सात बजे खाना खाकर अपने खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकले थे। रात करीब नौ बजे जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनका 16 वर्षीय नाती खेत पर पहुंचा, जहां खेत में बनी झोपड़ी के अंदर महीपत सिंह ठाकुर मृत अवस्था में पड़े मिले।
मृतक का गला कटा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना तत्काल उल्दन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
