संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
मोंठ : तहसील क्षेत्र के ग्राम कड़ूरा से आए दर्जनों किसानों ने शनिवार को उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर क्षेत्रीय लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि बरसात के कारण उनके खेतों में धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन फसल क्षति मुआवजा दिलाने के नाम पर लेखपाल ने ₹500 की अवैध मांग की है।
किसानों ने शिकायत में आरोप लगाया कि जिन किसानों ने लेखपाल को ₹500 दिए, उनके बैंक खातों में मुआवजा राशि पहुंच चुकी है, जबकि जिन किसानों ने अवैध मांग पूरी नहीं की, उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया। किसानों का यह भी कहना है कि जब उन्होंने इस विषय में लेखपाल से बात की तो लेखपाल ने साफ तौर पर कहा कि “जो रुपए देगा, उसे ही मुआवजा मिलेगा, जिसके पास पैसे नहीं हैं वह कहीं भी शिकायत कर सकता है।”
शिकायत पत्र में किसानों ने मांग की है कि आरोपित लेखपाल के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और वास्तविक रूप से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को मुआवजा दिलाया जाए।
एसडीएम अवनीश तिवारी ने किसानों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है।
एसडीएम अवनीश तिवारी ने कहा कि “अधिकतर गांवों से ऐसी ही शिकायतें आ रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि जिन किसानों की फीडिंग पहले हुई उन्हें मुआवजा पहले मिला लेकिन बकाया किसानों को भी मुआवजा राशि जल्द मिल जाएगा।” एसडीएम ने कहा कि “किसान भाई परेशान ना हों, प्रशासन उनके साथ है। लेखपाल पर लगे आरोपों की जांच कराई जाएगी।”
