मोंठ थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव में पारिवारिक विवाद का मामला गंभीर रूप लेता दिख रहा है। गांव निवासी बुजुर्ग महिला सीता रानी ने आरोप लगाया है कि बराबर संपत्ति बांट देने के बावजूद दोनों बेटे लगातार उनका उत्पीड़न कर रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके पति होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे, जिनका कुछ वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है। पति की मृत्यु के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत छोटे पुत्र को नौकरी और परिजनों को मिली भूमि का हिस्सा दिया गया। वहीं बड़े पुत्र को एक प्लाट और घर दिया गया था। महिला का कहना है कि उन्होंने दोनों बच्चों को बराबर हिस्सेदारी सुनिश्चित करते हुए कोई भेदभाव नहीं किया, फिर भी दोनों बेटों के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद होते रहते हैं।
सीता रानी ने बताया कि दोनों बेटे आए-दिन कहासुनी के चलते उन्हें भी परेशान करते हैं। जमीन और संपत्ति के बंटवारे पर सहमति होने के बावजूद दोनों भाइयों में तनातनी कम नहीं हो रही। बुजुर्ग महिला का कहना है कि लगातार चल रहे विवादों और कलह से उनका जीना मुश्किल हो गया है।
बुजुर्ग महिला ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें सुरक्षा और न्याय मिले, ताकि वह शांति से जीवन व्यतीत कर सकें।
