गुरसरांय (झांसी)। खाद की किल्लत से परेशान किसानों का सब्र आखिरकार बुधवार को टूट गया। नारायणपुरा समिति पर लगातार कई दिनों से खाद की आपूर्ति न होने से नाराज किसानों ने दोपहर करीब 1:00 बजे गुरसरांय नगर के एरच रोड मौठा तिराहे पर सड़क जाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरसरांय अमीराम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की और करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया,जिससे यातायात सामान्य हो सका।
लगातार गंभीर शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन क्यों
नारायणपुरा साधन सहकारी समिति गुरसरांय में एक माह से खाद वितरण में गंभीर अनियमिताएं समिति के कर्मचारियों द्वारा की जा रही हैं जिसके चलते एक माह में कई बार किसानों द्वारा बुरी तरह प्रताड़ित होकर और परेशान होकर कई बार प्रदर्शन किया और आला अधिकारियों से आप बीती बताई सहकारिता विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों से लेकर डिप्टी कलेक्टर गरौठा के संज्ञान में नारायणपुरा सहकारी समिति समेत कई जगह की अनियमिताएं उनके संज्ञान में आई और कई बार अख़बारों से लेकर मौके पर भी अनियमिताएं अधिकारियों ने देखी लेकिन शासन और जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेश की खाद में अनियमिताएं करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए बावजूद इसके गरौठा तहसील में दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज व सख्त एक्शन न होने के चलते खाद की अनियमिताएं करने वालों के हौसले बुलंद है जिसके चलते किसान परेशान है तो दूसरी ओर सरकार की छवि धूमिल हो रही है और स्पष्ट संदेश जा रहा है कि अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग सही न करने के चलते यह सब अवस्थाएं फैली हुई है।
