रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा अभियान-2025 के अंतर्गत आज दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को झांसी मंडल में “स्वच्छ पटरी दिवस” के अवसर पर व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में झांसी स्थित सीपरी पुल ट्रैक खंड पर विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह के सदस्य, क्षेत्रीय नागरिक, वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) श्री जी. विश्वनाथन, DEN ट्रैक, कर्मचारी कल्याण निरीक्षक, ट्रैकमैन साथी तथा सफाईकर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पटरियों के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई कर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
इसके अलावा बांदा, खजुराहो, डबरा, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर एवं चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशनों पर भी स्वच्छ पटरी दिवस के अवसर पर इसी प्रकार के स्वच्छता अभियान चलाए गए। सभी स्थानों पर रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने आम नागरिकों को पटरियों पर कचरा न फेंकने, प्लास्टिक का उपयोग सीमित करने तथा खुले में शौच से बचने के लिए जागरूक किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रैक को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद रेल यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह निरंतर प्रयास का परिणाम है। रेल परिसर, स्टेशन और पटरियों की सफाई में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
