झाँसी। जनपद की समाजसेविका नेहा तिवारी ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और सपनों पर विश्वास के बल पर दिवालीशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से पूरे झाँसी शहर का नाम रोशन हुआ है। नेहा तिवारी मणिकर्णिका वूमेंस क्लब झाँसी की निवर्तमान अध्यक्ष हैं और लंबे समय से महिलाओं के सामाजिक उत्थान के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने अपने समर्पण और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध किया है कि महिला अगर ठान ले तो हर ऊँचाई को छू सकती है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर संघर्ष सेवा समिति की ओर से एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नेहा तिवारी को रानी लक्ष्मीबाई स्मृति चिन्ह, शॉल, तिलक एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर मणिकर्णिका वूमेंस क्लब झाँसी की चार्टर प्रेसिडेंट सपना सरावगी को दिवालीशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स समिति के सीईओ द्वारा संरक्षक पद प्रदान किया गया तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
