झाँसी। माँ मंगलाकाली उत्सव समिति, सदर बाजार द्वारा शारदीय नवरात्र की सप्तमी के अवसर पर माता काली की भव्य आरती एवं छप्पन भोग का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। समिति द्वारा पिछले 19 वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इस अवसर पर माँ काली का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें माता को आकर्षक आभूषणों एवं पुष्पों से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और सभी ने माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस आयोजन में डॉ. संदीप सरावगी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा माँ काली की भक्ति हमें जीवन में शक्ति और साहस देती है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक और आध्यात्मिक समरसता को बढ़ाते हैं। हमें चाहिए कि हम परंपराओं को बनाए रखें और नई पीढ़ी को भी इसके महत्व से परिचित कराएँ। इस उत्सव में शामिल होकर मैं स्वयं अत्यंत प्रसन्न हूँ।
