झाँसी, 26 सितम्बर।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को डिजिटल युग से जोड़ने और महिलाओं को स्वरोजगार से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी ने आज अपनी “बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस” का शुभारंभ किया। इस आधुनिक सुविधा से लैस एक्सप्रेस को झाँसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री अनुराग शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
‘बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस’ न केवल दूध वितरण के लिए उपयोग होगी, बल्कि इसके माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर, डिजिटल भुगतान, ग्राहक ट्रैकिंग और डेयरी उत्पादों की ब्रांडिंग जैसी आधुनिक सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से महिला समूह की दक्षता, आय और बाज़ार तक पहुँच में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सांसद श्री अनुराग शर्मा ने कहा:
“बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘महिला सशक्तिकरण’ की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। यह देखकर गर्व होता है कि गाँव की महिलाएँ अब तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।”
समूह की अध्यक्ष ने बताया कि ‘बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस’ के माध्यम से अब दूध और डेयरी उत्पादों की डोर-टू-डोर डिलीवरी संभव होगी। ग्राहक UPI/QR कोड के जरिए भुगतान कर सकेंगे, जिससे नकदी रहित लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि सांसद अनुराग शर्मा लगातार बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी को प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान करते रहे हैं। वर्षों से वे महिलाओं से संवाद कर उनके उत्साहवर्धन के साथ-साथ कंपनी के विस्तार के लिए हर संभव मदद पहुँचा रहे हैं। उनके प्रयासों से इस कंपनी ने न केवल झाँसी संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे बुंदेलखंड में अपनी सशक्त पहचान बनाई है।
