गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय थाना क्षेत्र के बिरारी मोजा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां खेत में लगे बबूल के पेड़ से एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी खेत मालिक विजय सिंह ने 112 नंबर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरसरांय वेद प्रकाश पाण्डेय और पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा असमा वकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की पहचान मुरली उर्फ बब्बू नामदेव उम्र लगभग 18 वर्ष पुत्र शत्रुघ्न नामदेव निवासी टीचर्स कॉलोनी,गुरसरांय के रूप में की। मुरली चार बहनों और दो भाइयों में पांचवे नंबर का था। वह गुरसरांय की एक मिठाई की दुकान पर काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था।परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मुरली ने घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। इसके कुछ घंटे बाद उसकी लाश खेत में पेड़ से लटकी मिली। इस घटना से परिवार और आसपास के लोग सदमें में हैं।मृतक के पिता शत्रुघ्न नामदेव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को पिछले कई दिनों से किसी व्यक्ति द्वारा फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। उनका मानना है कि यह कोई साधारण आत्महत्या नहीं। गुरसरांय पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर सुवह 11:00 बजे पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया है।थानाध्यक्ष गुरसरांय वेद प्रकाश पाण्डेय का कहना है कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है मामले की गहन जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
