गुरसरांय(झांसी)। खैर इंटर कॉलेज गुरसरांय में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में खैर इंटर कॉलेज के अध्यक्ष पंडित देवेश पालीवाल रहे। इस अवसर पर उन्होंने छात्र छात्राओं से कहा कि विज्ञान के उपयोग से ही कोई देश विकास की छलांग लगा सकता है। इसके अतिरिक्त युवा वर्ग का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। चाहे कितनी भी विषम परिस्थितियां हों,धैर्य एवं साहस बनाए रखने से सफलता अवश्य मिलेगी। प्रधानाचार्य धन प्रकाश तिवारी ने कहा कि विज्ञान को जीवन में अपनाकर लागत घटाई जा सकती है तथा कम समय में अधिक कार्य को किया जा सकता है। आगे उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई दी उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के उपयोग से यह देश उन्नति कर सकता है। नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं महावीर बाल शिक्षा संस्कार इंटर कॉलेज के छात्र छात्राओं द्वारा मॉडल प्रस्तुत किए गए। छात्र छात्राओं के द्वारा बनाए गए मॉडलों का पंडित देवेश पालीवाल,प्रधानाचार्य धनप्रकाश तिवारी सहित सभी शिक्षकों ने बारीकी से निरीक्षण किया एवं छात्र छात्राओं द्वारा उनके मॉडलों के बारे में जाना। प्रदर्शनी में कक्षा नौ से कक्षा 12 तक के छात्र छात्रायें एवं उनके सहयोग के लिए अध्यापक उपस्थित रहे। छात्रों द्वारा वायु प्रदूषण,जल प्रदूषण एवं मृदा प्रदूषण आदि को नियंत्रित करने के तरीके माडलों द्वारा समझाए गए। साथ ही ऊर्जा का उत्पादन,जल संग्रह,अम्लीय वर्षा से होने वाले नुकसान समेत विभिन्न प्रकार के आकर्षित माडल बनाए गए। अध्यापकों की टीम ने माडलों का गहनता से निरीक्षण किया और सबसे बेहतरीन माडल बनाने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कालेज से छात्रा आरती,अन्नू व महावीर बाल शिक्षा संस्कार केंद्र इंटर कॉलेज से शंकरलाल,प्रिंसी,कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से सिमरन को पुरस्कार व मेडल देकर सम्मानित किया गया। खैर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनप्रकाश तिवारी द्वारा सभी छात्र व छात्राओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस दौरान दोनों ही विद्यालयों के उक्त छात्र-छात्राओं ने संगोष्ठी में स्थान प्राप्त किए। प्रदर्शनी में अभिभावकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बताते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को निखारने का बेहतरीन मंच साबित हुई। शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस अवसर पर संतोष कुमार शाक्य ,भूपेंद्र कुमार पंथी,जयप्रकाश वर्मा,गोपाल अग्निहोत्री,राजवेंद्र सिंह बुंदेला,पुष्पेंद्र कुमार वर्मा,दुर्गा प्रसाद,जितेंद्र सिंह,पंकज कुमार,वरुण प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह परिहार आशुतोष शर्मा शोक कुमार,विनोद,राजेंद्र प्रसाद,बाबूराम,बलवीर,राकेश कुमार तिवारी,दिनेश कुमार वर्मा,सुभाष वर्मा,प्रांजल तिवारी,सुधीर पाठक,जितेंद्र कुमार साहू,जितेंद्र सोनी,धान सिंह,प्रमोद कुमार सविता,जितेंद्र मिश्र,कुलदीप कोदवलकर,प्रवीण सिरोही,इंद्रभूषण दुबे,शिवम गिरी,हरिशचन्द्र नायक आदि विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पटेल ने किया।
