गुरसरांय(झाँसी)। नगर के मोदी चौराहे के समीप बुधवार को शाम लगभग 6:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,जब ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में एक बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बाइक चालक राजेन्द्र सिंह उम्र 23 वर्ष पुत्र अमृत सिंह निवासी ग्राम डढुया थाना दबोह अपनी सास उर्मिला उम्र 55 वर्ष पत्नी श्रीपाल और भतीजी महक उम्र 7 वर्ष पुत्री राहुल के साथ गोंती से तरिचर जा रहे थे। जैसे ही वे गुरसरांय के मोदी चौराहे के समीप पहुंचे, ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सभी को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय पहुंचाया,जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
