झांसी – करगुवा, चिरगांव निवासी ट्रक चालक धर्मेंद्र राजपूत पुत्र मुरारी राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य मृतक के परिजनों से मिलने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, उन्होंने झांसी के डीआईजी से फोन पर बातचीत कर न्याय दिलाने की अपील की और परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि साजिश के तहत हुई है। घटना की जांच को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।पूर्व मंत्री ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से जांच तेज करने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही। मौके पर स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
