मोंठ। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित देसी शराब की दुकान को चोरों ने बीती रात अपना निशाना बना लिया। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर 17 पेटी देसी शराब और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। साथ ही चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर मौके से डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना शाहजहांपुर क्षेत्र के ग्राम छपार निवासी पंकज सिंह पुत्र घनश्याम ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि नगर के बस स्टैंड पर स्थित उनकी माता सुशीला देवी के नाम से देसी शराब की दुकान संचालित है। गुरुवार की रात सेल्समैन दुकान बंद कर घर चला गया था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचा तो ताले टूटे मिले।
दुकान के भीतर जाकर देखने पर पता चला कि कई सीसीटीवी कैमरे टेढ़े कर दिए गए थे और कुछ कैमरे तोड़ दिए गए थे। दुकान में रखी देसी शराब की 15 पेटी सादा और 2 पेटी लाल ब्रांड की शराब तथा गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे फुटेज बरामद नहीं हो सका।
पीड़ित ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
