हमीरपुर / जनपद के चिकासी थाना एवं चिकासी गांव में बीमारी से परेशान होकर 44 वर्षीय एक व्यक्ति ने स्यवं को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। युवक गुरुवार को ही दिल्ली के एम्स अस्पताल से इलाज कराकर वापस घर लौटा था। घटना की जानकारी लगते ही मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा शुक्रवार को मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार पाण्डेय व फील्ड यूनिट सहित चिकासी थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की।
चिकासी गाँव के निवासी राजकुमार नायक ने बताया कि 44 वर्षीय उसका बड़ा भाई प्रशांत नायक पुत्र लक्ष्मी नारायण नायक निवासी तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। वह कई साल से एक बीमारी से पीड़ित था। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। बताया कि प्रशांत गुरुवार को ही दिल्ली के एम्स अस्पताल से इलाज कराकर वापस लौटा था। शुक्रवार की सुबह वह अपने कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जाकर देखा तो प्रशांत खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। बताया कि उसके अपने सीने में खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बताया कि मृतक अविवाहित था। सीओ सरीला राजकुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बीमारी से पीड़ित युवक ने अवैध तमंचे से सीने में खुद को गोली मारकर मौत के घाट उतार लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में मृतक व्यक्ति के पास से अवैध तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक कई वर्षों से बीमारी से जूझ रहा था और मानसिक तनाव में भी था। अवैध तमंचा मिलने के मामले की भी जांच की जा रही है।
