मऊरानीपुर। अपनी समस्याओं को तत्काल हल करने के लिए अब फरियादी तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर फिल्मी अंदाज में समस्या तत्काल हल न होने पर टंकी से कूदने की धमकी देने के मामले लगातार देखने को मिल रहे हैं। पानी की टंकी पर चढ़ने का एक ऐसा ही मामला गुरुवार की दोपहर लगभग 2 बजे देखने को मिला जब एक युवक डॉ अंबेडकर की फोटो हाथ में लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए समस्या के सही निस्तारण न होने पर टंकी से कूदने की धमकी देने लगा उक्त दृश्य देखकर तहसील परिसर में मौजूद अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए।
उपजिलाधिकारी,नायब तहसीलदार सहित अन्य राजस्व कर्मी मौके पर पहुंच गए और टंकी पर चढ़े युवक से नीचे आने की अपील करने लगे लेकिन उक्त युवक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। उपजिलाधिकारी ने स्वयं उक्त युवक से तत्काल समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया तब जाकर उनकी अपील पर उक्त व्यक्ति टंकी से सकुशल नीचे आया और जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली उक्त युवक को उपजिलाधिकारी अपने साथ ले गए और उसकी समस्या को ध्यान से सुना। पूरे मामले को लेकर मध्य प्रदेश के टपरियन चौहान निवासी रामदेवी ने बताया कि लगभग 12 वर्ष पहले उन्होंने सिगरवारा मौजे में साढ़े तीन बीघा जमीन खरीदी थी। जिसको उन्ही के द्वारा बोया जा रहा था लेकिन कुछ दिन पहले जब यह लोग खेत पर पहुंचे तो पीड़ित को अपना खेत जुता मिला और जिसके बाद उन्होंने जमीन के पूर्व मालिक से बात की तो उनको पता चला कि उसकी जमीन रामप्रकाश के नाम दर्ज हो गई है। जिसको लेकर पीड़ित ने उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर से शिकायत कर कार्यवाही की बात कही थी लेकिन फिर भी उसकी समस्या का कोई निस्तारण नहीं हुआ इसके बाद पीड़ित देवीदीन पानी की टंकी पर चढ़ गया था ।
