हमीरपुर / जनपद में राठ तहसील क्षेत्र के मझगवां थाना एवं मझगवां गाँव में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। घटना की जानकारी लगते ही मृतक व्यक्ति के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मंगलवार को मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राठ तहसील क्षेत्र के मझगवां थाना एवं मझगवां गांव के निवासी 40 वर्षीय मूलचंद यादव पुत्र रामसहाय ने आज मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला को समाप्त करने का प्रयास किया। जिसके बाद परिजनों ने उसे नौरंगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहाँ इलाज के दौरान मूलचंद की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक मूलचंद अपने हिस्से की दो बीघा कृषि भूमि में खेती किसानी के अलावा मेहनत मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। वहीं मृतक मूलचंद की पुत्री शिखा ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पिता के परिवार वालों ने बीते 15 वर्षों से उसके पिता को सबसे अलग करके अपने साथ रखा है। बताया कि वह अपनी मां सुमन कुमारी और भाई आशीष और संदीप के साथ बीते 15 वर्षों से अपने मामा शिवप्रसाद के यहां ग्राम अटगाँव धगवां में रह रही है। बताया कि जहरीले पदार्थ का सेवन करने से उसके पिता की मौत हुई है। वहीं मामले में मझगवां थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
