संवाददाता – नीलेश एनकेडी
एरच थाना क्षेत्र के गोती गाँव में एक सनसनीखेज़ घटना ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। 15 मई गुरुवार को बर्तन बेचने के बहाने गाँव में आई दो संदिग्ध महिलाओं ने कथित तौर पर जादू-टोने का सहारा लेकर एक ग्रामीण परिवार से सोने-चाँदी के कीमती गहने और ज़ेवरात ठग लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित संकेत कुमार पुत्र गोविन्द दास, ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दोनों महिलाएं गाँव में बर्तन बेचने के बहाने आई थीं। मौका पाते ही उन्होंने जादू-टोने के ज़रिए घर की महिलाओं को अपने वश में कर लिया और घर में रखे मंगलसूत्र, झुमकी, चाँदी की तोडियाँ, अंगूठी, कमरपेटी समेत लगभग पाँच लाख रुपये के गहने लेकर चंपत हो गईं।
घटना के बाद पूरे गाँव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द-से-जल्द आरोपियों को गिरफ़्तार कर कड़ी कार्रवाई की माँग की है।
