झाँसी ज़िले के मोठ तहसील के देगुवा गाँव में सोमवार को लगी भीषण आग ने कई परिवारों की ज़िंदगी तबाह कर दी। आग की लपटों में करीब आधा दर्जन मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। घटना में अनाज, कपड़े, घरेलू सामान के साथ-साथ मवेशी भी जल गए, जिससे ग्रामीणों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, आग ने इतनी तेजी से फैलाव लिया कि किसी को कुछ भी संभालने का मौका नहीं मिला। तेज़ हवाओं के चलते आग ने एक के बाद एक कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित परिवारों का कहना है कि अब उनके पास ना तो खाने को कुछ है, और ना ही सिर पर छत बची है।
सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
मंगलवार को आगजनी से ग़ुस्साए सैकड़ों किसानों ने मोठ-भांडेर मार्ग पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी करते हुए तत्काल मुआवज़े और राहत सामग्री की मांग की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। बाद में मौके पर पहुँचे प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर मामला शांत करने का प्रयास किया। बाद में पीड़ित परिवार एसडीएम कोर्ट पहुँचा और ज्ञापन सौंपा।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही पीड़ित किसानों की मदद के लिए सर्वे भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
