मोंठ : आईपीएल का सीज़न शुरू होते ही मोंठ कोतवाली क्षेत्र में अलग ही क्रिकेट मैच शुरू हो जाता है — जिसका नाम है “सट्टा प्रीमियर लीग”! फर्क बस इतना है कि इसमें चौके-छक्के नहीं, लाखों रुपए उड़ते हैं। और मैदान पर नहीं, मोबाइल की स्क्रीन पर होता है मुकाबला।
झांसी जिले में इन दिनों ऑनलाइन सट्टा का व्यापार बड़े पैमाने पर किया जा रहा है जहां आज के युवा अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी सट्टे से दाव पर लगा देते हैं। और हार जाने के बाद कभी कभी आत्मघाती कदम तक उठा लेते हैं। लेकिन ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सट्टा माफियाओं पर कार्यवाही के नाम सिर्फ और सिर्फ खाना पूर्ति की जाती है ।
झांसी के मोंठ कोतवाली क्षेत्र में आईपीएल मैच में लाखो की ऑनलाइन बाजी लगाई जा रही है। जहां युवा सुबह से लेकर देर रात तक IPL में जीत हार की बाजी लगाते नजर आते है। लेकिन अभी तक पुलिस ऑनलाइन IPL खिलाने वाले लोगों पर कार्यवाही करने में नाकाम साबित हो रही है। इसी का नतीजा है कि युवा लाखों रुपए ऑनलाइन सट्टे में हारकर या तो आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। या फिर आत्मघाती कदम उठा लेते हैं।
सूत्रों की माने तो मोंठ कोतवाली क्षेत्र के चंद लोग इस काले कारोबार को संचालित कर रहे हैं। जो कभी मेहनत मजदूरी व व्यापार करके अपना भरण पोषण करते थे। आज वह करोड़ों के मालिक बने बैठे हैं। जिसकी वजह से कई युवा बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके है।
फिलहाल प्रशासन को ऐसे लोगों पर कार्यवाही करना चाहिए जिन सट्टा माफियाओं ने अपराध से अपनी करोड़ों की सम्पत्ति अर्जित की है। उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए। ताकि युवाओं को बर्बादी से बचाया जा सके।
