बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
संवाददाता – नीलेश एनकेडी
मोंठ। कस्बे में अवैध जुआ गतिविधियों की सूचना पर शनिवार रात पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जुआरी फरार हो गए, जिससे पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
शनिवार रात करीब 10:00 बजे मोंठ थाना पुलिस को सूचना मिली कि कटरा बाजार मोहल्ले के एक मकान में बड़े पैमाने पर जुएं का फड़ संचालित हो रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने भारी बल के साथ मौके पर छापा मारा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जुआरी वहां से भाग चुके थे। पुलिस को मौके से कोई भी व्यक्ति नहीं मिला, जिससे कार्यवाही अधूरी रह गई।
पुलिस छापे से पहले ही जुआरियों के फरार होने की बात से यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस कार्यवाही की जानकारी पहले ही लीक हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, मोंठ कस्बे के लालनपुरा, कटरा बाजार, महावीरनपुरा, नेहरू नगर रोड, मोहल्ला कुरियाना और हाइवे स्थित एक होटल पर लंबे समय से जुएं के फड़ संचालित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में जुआ की गतिविधियां तेज़ी से बढ़ रही है, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इन अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है, ताकि जुआ जैसे अपराधों पर रोक लग सके।
