बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
झाँसी- बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किया जा रहे विज्ञान महाकुंभ महोत्सव के पांचवें दिन विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय ललितपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ केशव देव ने बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के द्वारा आयोजित किये जा रहे विज्ञान महाकुंभ की सराहना की और बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान और दृष्टिकोण से भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता है। कार्यक्रम में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय से विज्ञान महाकुंभ की संयोजक डॉ संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को भारतीय वैज्ञानिक परंपरा से परिचित कराया और महाकुंभ के वैज्ञानिक महत्व को समझाया। डाॅ श्रीवास्तव ने विज्ञान के माध्यम से प्राचीन भारतीय परंपराओं को आसान तरीके से समझाया। बिपिन बिहारी महाविद्यालय से विज्ञान महाकुंभ के सह संयोजक डॉ विजय कुमार यादव ने बताया कि विज्ञान महाकुंभ छात्र-छात्राओं को उनके वैज्ञानिक सोच का विकास करने में सहायता प्रदान करता है। उन्होंने विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में भारत द्वारा की गई उपलब्धियां के बारे में जानकारी प्रदान की। संयोजक डॉ संजीव कुमार श्रीवास्तव ने रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय के डॉ देवेंद्र कुमार साहू को ललितपुर जनपद में विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का आयोजन करने हेतु ललितपुर जिले का विज्ञान महाकुंभ का संयोजक बनाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ रीतेश कुमार खरे एवं आभार डॉ वारिष द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर डॉ सुनील, डॉ इच्छा, डॉ सरौनिया व डॉ स्वीकृति सिंह सहित कई शिक्षक और छात्र-छात्राए उपस्थित रहे।
