गुरसरांय(झांसी)। अब नगरीय क्षेत्र के छोटे मझौले ठेले,रेहड़ी पटरी आदि काम करने वाले गरीबों व बेरोजगारों के उत्थान के लिए पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत नगर पालिका परिषद गुरसरांय में 01 जून से 30 जून 2026 तक “लोक कल्याण मेला” का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे लाभार्थी जो पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत ऋण लेने के इच्छुक है वह कार्यालय पहुंचकर आवेदन करा सकते है तथा जो लाभार्थी द्वितीय ऋण चुकता कर चुके है या तीसरा ऋण चल रहा है वह केडिट कार्ड के लिये आवेदन कर सकते है। उक्त कैम्प में भारत सरकार की 08 जनकल्याणकारी योजनाएं पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना,पीएम सुरक्षा बीमा योजना,प्रधानमंत्री जनधन योजना, बीओसीडब्लू के अन्तर्गत पंजीकरण,प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना,वन नेशन वन कार्ड,जननी सुरक्षा योजना,प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का भी लाभ प्राप्त कर सकते है। इस सम्बन्ध में अधिकृत जानकारी अपर नगर मजिस्ट्रेट झांसी/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गुरसरांय अजय कुमार यादव ने देते हुए बताया कि पात्र लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके इसके लिए शासन का इस योजना पर विशेष जोर है ताकि गरीब बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
