गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय नगर में क्षत्रिय समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हरपाल सिंह परमार के आवास पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धा के साथ की गई। इसके बाद आगामी 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में क्षत्रिय महासभा के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज को एकजुट करने तथा युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जय ठाकुर द्वारा किया गया जबकि अध्यक्षता सुखदेव सिंह दीपू अस्ता ने की। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, युवा एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।अध्यक्षता कर रहे सुखदेव सिंह दीपू अस्ता ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका जीवन त्याग, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आगामी 17 जून को गुरसरांय नगर में महाराणा प्रताप जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा, जिसमें विशाल शोभायात्रा,सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समाज जागरूकता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है और क्षत्रिय महासभा समाज के उत्थान एवं युवाओं में संस्कार जागृत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पंकज परमार ने कहा कि समाज के किसी भी कार्य में यदि किसी प्रकार की आवश्यकता पड़ती है तो वह तन, मन और धन से सदैव समाज के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती केवल एक उत्सव नहीं बल्कि समाज की आन-बान-शान और गौरव का प्रतीक है, जिसे पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक जय ठाकुर ने कहा कि जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर पत्रक वितरित किए जाएंगे तथा पीले अक्षत देकर लोगों को निमंत्रण दिया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी जो घर-घर जाकर समाज के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगी।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की मिसाल है तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। समाज के लोगों ने एक स्वर में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाज की एकता बनाए रखने और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अर्जुन सिंह,युवराज सिंह,धर्म सिंह राजावत नेता,परमार पंकज सिंह,राहुल सिंह परिहार, राजेश परिहार,राजेंद्र बुंदेला, अंकित सेंगर,संजू परिहार, अरुण प्रताप सिंह,जय ठाकुर, मृगेंद्र सिंह,सुरेन्द्र सिंह तोमर, मिलन परिहार,शिव मंगल सिंह परमार,शिव कुमार सिंह परमार, पवन सिंह,अखंड प्रताप सिंह, पृथ्वी सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों उपस्थित थे।
