गुरसरांय (झाँसी)। नगर पालिका परिषद गुरसरांय के अंतर्गत रामनगर रोड स्थित बेशकीमती सरकारी भूमि को प्रशासन ने भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त करा लिया है। मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत प्रस्तावित इस भूमि पर पैमाइश के दौरान कब्जाधारियों ने सरकारी टीम के साथ अभद्रता की,जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त टीम ने की घेराबंदी
उप जिलाधिकारी एसडीएम गरौठा के आदेश के अनुपालन में मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को दौदेरिया पेट्रोल पंप के बगल में स्थित गाटा संख्या 1293 (नवीन परती) पर अवैध कब्जे की शिकायत पर बड़ी कार्यवाही की गई। तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार राधा पालीवाल,राजस्व निरीक्षक साहू जी,लेखपाल संध्या श्रीवास, हामिद,संजय नायक की टीम मौके पर पहुँची।वहीं नगर पालिका की ओर से प्रभारी अधिशासी अधिकारी/अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री अजय कुमार के निर्देशन में लिपिक सोनू यादव (बख्शी) के नेतृत्व में एक सशक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम में पालिका कर्मी सर्वेश खरे,प्रकाश दीक्षित, दीपक कुमार, उमेश कुमार, राजेश सैनी,सफाई नायक अखिलेश, राजेश व राजेंद्र शामिल रहे।जेसीबी से हुआ सीमांकन,कब्जा मुक्त हुई जमीन
काफी समय से बहादुर सिंह द्वारा इस सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। टीम ने मौके पर पहुँचकर राजस्व अभिलेखों के अनुसार पैमाइश कराई और अवैध कब्जे को हटाते हुए जेसीबी मशीन के जरिए पूरी भूमि का सीमांकन (चउहद्दी) कराया। इस दौरान ठेकेदार मनोज कुमार उर्फ बंटी जैन एवं अन्य विभागीय कर्मचारी भी मुस्तैद रहे।गठित टीम से मौके पर की गई अभद्रता कार्यवाही के दौरान माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब कब्जाधारी बहादुर सिंह के पुत्र महेन्द्र सिंह और उनके परिवारजनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालनी शुरू कर दी।आरोप है कि महेन्द्र सिंह ने टीम का नेतृत्व कर रहे लिपिक सोनू बख्शी के साथ न केवल अभद्रता की,बल्कि पूरे स्टाफ के सामने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।प्रशासन का कड़ा रुख: संगीन धाराओं में होगा मुकदमा घटना की सूचना मिलते ही अपर जिला मजिस्ट्रेट/अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों को धमकाने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा आरोपी महेन्द्र सिंह एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत और संगीन धाराओं (सरकारी कार्य में बाधा,गाली-गलौज, मारपीट की धमकी और आपराधिक षड्यंत्र) के तहत थाना गुरसरांय में प्राथमिकी एफआईआर दर्ज करने हेतु पत्र प्रेषित कर दिया गया है। नगर पालिका की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कर्मचारियों के साथ की गई अभद्रता अक्षम्य है,अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
