गुरसरांय (झांसी)। रविवार सुबह करीब 11:00 बजे विद्युत लाइन तार टूटने से खेतों में भीषण आग लग गई,जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और करीब सौ बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस आग की चपेट में दो दर्जन के आसपास किसान आ गए, जिनकी मेहनत की पूरी फसल जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड,नगर पालिका के पानी के टैंकर और पुलिस प्रशासन से लेकर डिप्टी कलेक्टर गरौठा सुनील कुमार सहित राजस्व विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता दिलाने और नुकसान का सर्वे कराए जाने का आश्वासन दिया। हमारे प्रतिनिधि से डिप्टी कलेक्टर गरौठा सुनील कुमार से हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल सर्वे पूरा कर लिया है और उच्चा अधिकारियों को इस संबंध में किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा हुआ है। इस दौरान थाना प्रभारी गुरसरांय इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह से भी फायर ब्रिगेड की इकाई गुरसरांय में स्थापित करने की मांग लोगों ने की जिस पर उन्होंने इस संबंध में जिला स्तर पर कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेजने का भरोसा दिलाया।
विधायक के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधि मंडल भी पहुंचा मौके पर
गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत के नेतृत्व में भाजपा के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा, राजेंद्र कुशवाहा चैयरमेन टोड़ीफतेहपुर,गुरसरांय भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष खरे, भाजपा विधानसभा कार्यालय प्रभारी जितेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा जन उक्त खेतों में लगी आग से हुए नुकसान को देखने मौके पर पहुंचे इस दौरान उन्होंने मौके पर किसानों से कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा आपके साथ खड़ी है और मेरा प्रयास होगा की शासन से जल्द से जल्द अधिक से अधिक मुआवजा पीड़ित सभी किसानों को उपलब्ध कराया जाए।
