गुरसरांय(झाँसी)। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन गुरुवार को देवी के स्वरूप के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री माता की पूजा अर्चना हुई। इस दौरान मंदिरों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा मां शैलपुत्री माता के जयकारे लगाए गए,इससे मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र गुंजायमान रहे। महिलाओं ने शाम के समय देवी मंदिरों में माता के भक्ति की ज्योति जगाई। गुरुवार को नवरात्रि के प्रथम दिन नगर के देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। जिसमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक रही। नगर के प्राचीन तालाब माता मंदिर पर सुबह 4:00 बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां की पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगी। नगर के तालाब माता मंदिर,हुल्की माता मंदिर,कुष्ठा माता मंदिर,माँ कामाख्या माता मंदिर,मडो़री पहाड़ियां पर स्थित देवी मां के मंदिर सहित नगर व क्षेत्र के देवी माता मंदिरों पर प्रातः काल व शाम के समय सर्वाधिक बच्चों,महिलाओं,बूढ़े,बुजुर्गों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधि विधान से पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की। शाम को महिलाओं ने मंदिर परिसर में भजन कीर्तन का आयोजन किया। इसके साथ नगर के सभी देवी मंदिरों में एवं घरों में विधि विधान से घट स्थापना की गयी वही जगह-जगह जवारे बोये गये।देर शाम मां दुर्गा की भव्य आरती की गई।
धार्मिक स्थलों पर पुलिस की रही पैनी नजर
नवरात्रि में भारी भीड़ को देखते हुए जिले के पुलिस कप्तान बीबीजीटीएस मूर्ति के सख्त निर्देश पर गुरसरांय थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह की देखरेख में मंदिरों और भीड़ भाड़ वाली क्षेत्रों में महिला व पुरुष पुलिस बल जगह-जगह ड्यूटी करते देखा गया। वही शराब के ठेको के आसपास से लेकर शिक्षण संस्थानों के आसपास और बैंकों का पास पुलिस मुस्तैदी से ड्यूटी करते देखी गयी। वही पुलिस ने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्रि और रमजान ईद के त्यौहार को देखते हुए किसी भी घटना को रोकने के लिए अपना खुफिया तंत्र सक्रिय कर दिया है।
