झांसी – समथर थाना परिसर में उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश कुमार तिवारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज आगामी त्यौहार चैत्र नवरात्रि पर्व व ईद को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न हुई। जिसमें उन्होंने आगामी त्यौहार नवरात्रि पर्व व ईद को मनाने के विषय दोनों धर्म समुदाय के लोगों से वार्तालाप की। त्योहारों के विषय में वार्तालाप कर एवं पूर्ण जायजा लेने के उपरांत उन्होंने थाना प्रांगण में उपस्थित सभी लोगों से अपील की। सभी लोग मिल-जुलकर शांति एवं सौहार्द पूर्ण तरीके से त्योहार मनाए। त्योहार हमें सुख और समृद्धि प्रदान करते हैं। त्योहार सभी हंसी खुशी से मनाये।सभी लोग शासन के नियमों का पूर्ण से पालन करें। वहीं उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि त्योहारों पर अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखे। अराजक तत्व फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाय उन पर सख्त कार्रवाई करें। वहीं उन्होंने कहा त्योहारों पर मंदिरों से लेकर नगर में हर जगह स्वच्छता व्यवस्था उत्तम रहे। मंदिरों में जल एवं विद्युत व्यवस्था भी उत्तम रहे। जिससे नवरात्रि में माताओं एवं बहिनों को जल चढ़ाने में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों से लेकर हर जगह पुलिस की कड़ी निगरानी रहे। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रहे। उक्त अवसर पर थाना प्रभारी अतुल कुमार राजपूत, पुलिस स्टाफ अधिशाषी अधिकारी महेंद्र कुमार चौधरी, नगरपालिका कर्मचारी, ग्रामीण प्रधान, पत्रकार धर्मगुरु चौकीदार एवं नगर व ग्रामीण क्षेत्र के दोनों धर्म समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
