गुरसरांय (झांसी)। ग्राम दुगारा से गुरसरांय स्थित एक गार्डन में आई बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि बारातियों ने लड़की पक्ष के लोगों पर ईंट, गुम्मा, डंडा और लाठी से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में लड़की पक्ष के ग्राम ककरवई निवासी पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय पहुंचाया गया। घायलों में अंशु पुत्र विजय पांचाल (17), दशरथ पुत्र हन्नालाल (22), धर्मेंद्र पुत्र ढाकुर दास (22), संदीप पुत्र चंद्रशेखर (20) और राज पुत्र जिलेदार (16) निवासी ग्राम ककरवई शामिल हैं। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।वहीं घायल दशरथ की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरसरांय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करते हुए माहौल को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गार्डन परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस की मौजूदगी में सामान्य कराया गया।
