गुरसरांय (झांसी)। थाना क्षेत्र के ग्राम परसुवा में गुरुवार को अज्ञात कारणों के चलते खेत में अचानक आग लग गई। आग लगने से खेत में रखा सिंचाई का सामान और पास की फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना से क्षेत्र के किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार किसान अनिरुद्ध दुबे के खेत में रखे सिंचाई के लिए उपयोग किए जाने वाले लगभग 70 हस्ती पाइप आग की चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए। वहीं आग की तेज लपटें पास के खेत तक पहुंच गईं, जिससे किसान हरीराम के खेत में खड़ी चना एवं राई की फसल भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। खेतों में आग की लपटें उठती देख आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंच गए।किसानों ने बाल्टियों, मिट्टी और अन्य संसाधनों की मदद से काफी देर तक कड़ी मशक्कत की, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आसपास के कई और खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे। इस घटना में दोनों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने खेतों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की भी अपील की है।
