मऊरानीपुर (झांसी)। कोतवाली क्षेत्र के चुरारा गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार दोपहर झलकारी बाई चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे विवाहिता ने खुद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराकर वापस लौट गई। इसके कुछ समय बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब 18 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी बात से नाराज होकर परिजन और ग्रामीण झलकारी बाई चौराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान परिजनों ने एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाए, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतका के पति देवेंद्र पुत्र रामभरोसे समेत रामभरोसे, दिनेश प्रमोद फूलवती काशीराम अरविंद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
करीब आधे घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम मऊरानीपुर और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
