गुरसरांय(झांसी)। गुरसरांय थाना परिसर में 11 फरवरी बुधवार को महाशिवरात्रि,रमजान पर्व पर शांति,सुरक्षा,कानून एवं यातायात व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने व क्षेत्र में अमन-चैन से पर्व मनाने की अपील की। बैठक में धर्मगुरुओं व गणमान्य नागरिकों ने महाशिवरात्रि,रमजान के दौरान आने वाली समस्याएं रखीं। थाना प्रभारी ने सभी को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों व शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने नगर पालिका को निर्देश दिया कि शिवालयों एवं शोभायात्रा मार्गों पर साफ-सफाई,पेयजल,मार्गों की मरम्मत,सुरक्षा,विद्युत व प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। जिस पर मौके पर मौजूद अवर अभियंता विद्युत दीपक कुमार ने सभी के सुझाव का स्वागत करते हुए बेहतरीन विद्युत व्यवस्था मुहैया कराए जाने की बात कही। उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं,किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। मादक पदार्थों के सेवन से बचने तथा बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए लाउडस्पीकर का सीमित प्रयोग करने को कहा। थाना प्रभारी ने अपने अधीनस्थों को अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडवोकेट सतीश चौरसिया,पंडित रामनारायण पस्तोर,इकराम खान,गुलाबचंद्र जैन,आत्माराम फौजी,श्याम शिवहरे,राजू पाठक प्रधान आमली,उमाकांत पाराशर,सुरेश पांचाल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में आभार वरिष्ठ उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया ने व्यक्त किया।
बैठक में दिखी अनूठी एकता और कविता की मीठी बहार
शांति समिति की बैठक में जहाँ इकराम खांन ने गुरसरांय की ऐतिहासिक परंपरा हिंदू-मुस्लिम एकता की चर्चा करते हुए कहा कि हम सभी लोग एक दूसरे के त्योहार मिलजुल कर मनाते हैं इस परंपरा को आगे भी कायम रखा जावेगा। वही श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सतीश चंद्र चौरसिया व प्रबंधक रामनारायण पस्तोर ने कहा कि हर वर्ष की तरह भारी उल्लास और शांति सद्भाव के साथ सभी त्योहार मनाए जावेगे। बैठक में उस समय माहौल खुशनुमा हो गया जब कविता के माध्यम से कुंवर रामकुमार सिंह ने कहा कि न मन्दिर बैर कराता,न मस्जिद बैर कराती बैर कराती महंगाई। जब पाव भर पेड़ा लेकर शंकर जी के दरबार पर पहुंचा तो भोला शंकर बोला कि पूरा एक किलो हो तो आ अन्यथा भाग जा भाग जा बदतमीज तुझे नहीं तमीज। तब मे पास मस्जिद पहुंचा और आधा किलो प्रसाद पेड़ा खोला तो अल्लाह बोला बदतमीज तुझे नहीं तमीज पूरे दो किलो हो तो आ अन्यथा भाग जा।
