गुरसरांय (झांसी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय का सोमवार को झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मंगलवार दोपहर लगभग 2:00 बजे निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में डॉक्टर जय प्रकाश संयुक्त निदेशक झांसी मंडल,फिरोज आलम मंडलीय अर्बन कंसल्टेंट एवं अतीब अहमद खान मंडलीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से खराब पड़े जनरेटर को देखा और उसे शीघ्र सही कराए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने इंजेक्शन रूम,दवा वितरण कक्ष, ओपीडी कक्ष, पट्टी रूम,ऑपरेशन कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का गहन निरीक्षण किया।अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखकर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया तथा आवश्यक सुधारों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गुरसरांय डॉक्टर ओपी राठौर,डॉक्टर नेहा जोशी,सत्येंद्र तिवारी,डॉक्टर रवि अनुरागी,भरत पटेल,शरद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। संयुक्त निदेशक झांसी मंडल डॉक्टर जय प्रकाश से जब पत्रकारों ने मेडिसिन डॉक्टर न होने और इतने बड़े अस्पताल में मात्र एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति से लेकर नए जनरेटर व्यवस्था करने के बारे में कहा तो उन्होंने इस संबंध में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
