झांसी – रक्सा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव नहर से 27 घंटे बाद बरामद किया गया है। ढिकौली गांव में अपनी बुआ की त्रयोदशी में शामिल होने आए रघुवीर (25) का शव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से निकाला।
जानकारी के अनुसार, बड़ा गांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी रघुवीर पुत्र छोटेलाल 7 जनवरी को अपनी बुआ की त्रयोदशी में शामिल होने आया था। 8 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे वह शौच के लिए गांव के पास राजघाट नहर किनारे गया था।
रघुवीर ने अपनी मोटरसाइकिल नहर किनारे खड़ी की और शौच क्रिया के दौरान नहर में बह गया। घटना के बाद से ही रक्सा पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही थी। नहर का पानी भी बंद करवा दिया गया था।
27 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद, आज सुबह करीब 12 बजे रघुवीर का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर नहर से बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अपने पीछे पत्नी निशा और एक वर्षीय बेटे गोलू को छोड़ गया है। रघुवीर अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी और मजदूरी का काम करता था।
रक्सा थाना प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि शव घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर मिला है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
