संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
रविवार की देर शाम मोंठ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर विद्यार्थियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घटना में एक छात्र को गंभीर रूप से चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, थाना पूंछ के ग्राम चितगुवा निवासी सुमित राजपूत अपनी मां का उपचार कराने झांसी गया था। लौटते समय वह अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही दोनों मोंठ नेशनल हाईवे पहुंचे तभी चार अन्य छात्र बाइकों से पहुंचे और उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि उक्त छात्रों ने पुराने विवाद को लेकर सुमित से कहा कि विद्यालय में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया था, अब हिसाब चुकता करना है। इसके बाद सभी ने उस पर हमला बोल दिया। पिटाई से छात्र अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार जारी है। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
