बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
झाँसी -उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मंडल की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करती एक घटना आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12707) में सामने आई। गुरुवार को काचीगुड़ा से निजामुद्दीन जा रही इस ट्रेन के B2 कोच में सफर कर रही महिला यात्री सबीला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी।घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन में तैनात झांसी मंडल के चेकिंग स्टाफ ने तत्काल प्रतिक्रिया दी। महिला चेकिंग स्टाफ अंजलि और रीना ने अन्य महिला यात्रियों की सहायता से स्थिति को संभाला और चलती ट्रेन में ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।यह घटना आगरा और मथुरा के बीच करीब दोपहर 3:50 बजे घटी। जैसे ही रेलवे स्टाफ को इसकी सूचना मिली, उन्होंने तुरंत आगरा मंडल के अधिकारियों को जानकारी दी। रेलवे प्रशासन की तत्परता के चलते, मथुरा स्टेशन पर पहले से ही डॉक्टरों की टीम तैनात थी। ट्रेन के मथुरा पहुंचते ही, डॉक्टरों ने जच्चा और बच्चा दोनों की जांच की और उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।
