बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
सिरसा कलार/जालौन। सिरसाकलार थाना क्षेत्र में एक चरवाहे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पाल निवासी 45 वर्षीय श्याम सिंह, जो 26 जनवरी को बकरियां चराने गए थे, का शव गुरुवार सुबह सिमरा शेखपुर के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।मृतक के छोटे भाई राजेश निषाद के अनुसार, श्याम सिंह के लापता होने की सूचना तुरंत नियामतपुर पुलिस चौकी और सिरसाकलार थाने में दर्ज कराई गई थी। घटना के दिन श्याम सिंह अपने साथियों से शौच जाने की बात कहकर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शव की स्थिति से अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब 7-8 दिन पहले हुई है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पीछे पत्नी संगीता और पांच बच्चे अंजलि (16), आकांक्षा (14), दीक्षा (11), दीपांशु और हिमांशु हैं। सिरसाकलार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं। जालौन के सीओ शैलेन्द्र बाजपेयी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
