बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
कालपी/जालौन। श्रम विभाग एवं मानव तस्करी विरोधी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार मौर्या की संयुक्त टीम ने कालपी बाजार में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने चार स्थानों में किशोरों को काम करते हुए पकड़ लिया, इसके बाद संयुक्त टीम ने चार दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। शासन की नीतियों के मुताबिक शासन से किशोरों से काम कराने पर रोक लगी हुई है, जिसके बावजूद कई दुकानदार नाबालिगों से काम करवाते हैं। नाबालिगों से काम कराने के रोक के लिए मानव तस्कर विरोधी थाना प्रभारी पुलिस लाइन उरई में स्थापित किया गया था। जिला प्रशासन के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी जगदीश वर्मा, मानव तस्कर विरोधी थाना प्रभारी विवेक कुमार मौर्या, उपनिरीक्षक विश्वनाथ सिंह की संयुक्त टीम ने कालपी बाजार में छापा मारकर अभियान चलाया तथा घूम-घूमकर दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चार दुकानों में नाबालिकों से श्रम करने का मामला पकड़ा गया। संयुक्त टीम ने चारों दुकानदारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में चालान काट दिया। चैकिंग अभियान की खबर पाकर बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का शटर गिराकर रफूचक्कर हो गए। मानव तस्कर विरोधी थाना प्रभारी ने बताया कि चैकिंग अभियान निरंतर चलाया जाएगा, अगर कोई दुकानदार नाबालिगों से काम करवाते पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
