उरई/जालौन। उरई पुलिस लाइन मैदान में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के बैच और कैप पहनाकर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने झंडारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद कदमताल करते हुए विभिन्न टोलियों ने जिलाधिकारी को सलामी दी, जिससे पूरा मैदान देशभक्ति के जज्बे में गूंज उठा।परेड में 9 टोलियों ने भाग लिया, जिनमें 2 महिला सिपाही टोलियां, 2 NCC कैडेट टोलियां, और एक टोली PRD जवानों की थी। परेड का नेतृत्व माधौगढ़ सीओ राम सिंह ने किया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और जनसाधारण को संविधान की शपथ दिलाई और 76 वर्षों में भारत के गणराज्य बनने की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भारत ने 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता प्राप्त की थी और इसके बाद देश के नेताओं ने एक मजबूत और न्यायपूर्ण संविधान बनाने का निर्णय लिया था। संविधान का मसौदा डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में तैयार हुआ और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। उन्होंने कहा कि आज भारत विविधता में एकता का प्रतीक बन चुका है और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पूरे प्रदेश को समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, राज्य में वृक्षारोपण अभियान के तहत 36.51 करोड़ पौधे रोपित किए गए हैं, और वित्तीय वर्ष 2023-24 में मत्स्य विभाग को सर्वश्रेष्ठ अंतर्रस्थलीय मात्स्यिकी राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में सजा दिलाने के मामले में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर जिला जज अचल सचदेव, सांसद नारायण दास अहिरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान आदि जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य मौजूद रहे।
