झाँसी- जनपद में आगामी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 (दिनांक 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर 2026 को दो पालियों में) कुल 37 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 15,768 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने एवं परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु आज दिनांक 24.10.2026 को क्षेत्राधिकारी श्री रामवीर सिंह, ए०आर०टी०ओ० श्री हेमचंद गौतम व प्रभारी निरीक्षक (यातायात) श्री मुकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में बस, ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों के साथ संयुक्त गोष्ठी आयोजित की गई।
मुख्य दिशा-निर्देश/अपील:
उचित किराया: बस, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों से केवल तय/जायज किराया ही लें; मनमाना किराया वसूलने पर सख्त कार्यवाही होगी।
नो-पार्किंग/जाम नियंत्रण: बस स्टैंड, वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख चौराहों पर मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े नहीं किए जाएंगे। सवारी चढ़ाने व उतारने का कार्य सड़क किनारे निर्धारित स्थलों पर ही होगा।
सहयोगात्मक व्यवहार: परीक्षार्थियों के साथ शालीन, सभ्य और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा उन्हें समय से परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।
सख्त कार्यवाही की चेतावनी: नियम उल्लंघन, मनमाना किराया वसूलने या यातायात बाधित करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान व वाहन सीज करने की कार्यवाही की जाएगी।
