झाँसी –बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के तत्वाधान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विजयादशमी समारोह को देखते हुए आज नगर निगम के मेयर बिहारी लाल आर्य ने नगर निगम के नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों के साथ दशहरा ग्राउंड क्राफ्ट मेला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कमेटी द्वारा की जा रही तैयारियों का अवलोकन करते हुए समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें दूर करने के लिए तत्काल अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया। दशहरा ग्राउंड पर व्यापक साफ सफाई की व्यवस्था के लिए उन्होंने तत्काल मैनपॉवर लगाए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन रावण, कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतलों का अवलोकन किया तथा इन पुतलों के बारे में बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के अध्यक्ष अशोक जैन से विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद मेयर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि दशहरे का पर्व असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड दशहरा कमेटी द्वारा प्रति वर्ष व्यापक स्तर पर दशहरे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी यह आयोजन किया जा रहा है और इस आयोजन में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। नगर निगम के स्तर से हर संभव सहयोग किया जा रहा है। साफ सफाई की व्यवस्था कराई जा रही है। इसके अलावा पूरे ग्राउंड में पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है। इस अवसर पर नगर आयुक्त अन्ना सूदन, क्षेत्रीय पार्षद सुनील नैनवानी सहित अन्य अधिकारी तथा बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
