जालौन – “गोद लिए गए गांवों में अवशेष लाभार्थियों की सूची डीआईयू के द्वारा सभी प्राइवेट हॉस्पिटल को दे दी गई है। सभी हॉस्पिटल इस अभियान में योगदान देंगे”…….डॉ एच एन प्रसाद, सीएमओ, जालौन।
“नेत्रज्योति हॉस्पिटल, कान्हा हॉस्पिटल, प्रगति हॉस्पिटल और शशिलता हॉस्पिटल इस सप्ताह कैंप की शुरुआत करेंगे, ग्रामवार लाभार्थी सूची दी गई है।”…..डॉ आशीष, कार्यक्रम प्रभारी, आयुष्मान जालौन।
“महान हॉस्पिटल द्वारा जालौन ब्लॉक के ही औरेखी, छिरिया सलेमपुर, कुसमरा और लौना ग्राम पंचायत में कैंप लगाकर अब तक कुल 53 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस अभियान में हम सभी स्वास्थ्य विभाग के साथ है।” ……डॉ एम पी सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक, महान हॉस्पिटल, जालौन।
जिले में अभी 10 प्राइवेट हॉस्पिटल समेत 42 चिकित्सालय आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध हैं, जहां आयुष्मान कार्ड से इलाज मिलता है। बीते दिनों सीएमओ डॉ एच एन प्रसाद के आह्वाहन पर सभी प्राइवेट हॉस्पिटल ने पांच पांच गांवों को गोद लिया था, जिसमें कैंप लगाकर योजना का प्रचार प्रसार करते हुए जीरो पॉवर्टी परिवारों सहित सभी श्रेणी के पात्र लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन पिछले दस दिनों में केवल छ हॉस्पिटल ने ही शिविर लगाकर कार्ड बनाए हैं।
अभियान की शुरुआत सबसे पहले श्याम आई केयर सेंटर द्वारा की गई, बाद में महान हॉस्पिटल, उर्मिला हॉस्पिटल, सिद्धि विनायक हॉस्पिटल, नेत्रा आई एवं मदर केयर और किलकारी मेडिकल सेंटर कालपी ने अपने गोद लिए गांवों में कैंप लगाएं हैं। लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी चार प्राइवेट हॉस्पिटल नेत्रज्योति, कान्हा हॉस्पिटल, शशिलता हॉस्पिटल और प्रगति हॉस्पिटल के द्वारा कैंप नहीं लगाए गए हैं।
