गुरसराय (झांसी)। गुरसरांय थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। गुरसरांय थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अखिलेश द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 9 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 7 मामले राजस्व विभाग से संबंधित और 2 मामले पुलिस विभाग से जुड़े थे।समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित दोनों शिकायती पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, राजस्व विभाग से संबंधित सात शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित कर्मचारियों को सौंपा गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को समय पर राहत मिल सके।वहीं थाना समाधान दिवस के दौरान राजस्व विभाग के लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया। लेखपालों के काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करने का मामला भी चर्चा का विषय रहा। समाधान दिवस में शिकायतों के निस्तारण के साथ ही राजस्व विभाग के कर्मचारियों का विरोध भी देखने को मिला।
