गुरसरांय(झांसी)। बुंदेलखंड में भारी बारिश और जलभराव से किसानों की खरीफ फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिन्द) झाॅंसी इकाई ने शासन-प्रशासन से किसानों को तत्काल राहत देने की उठाई मांग। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी गरौठा के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर बुंदेलखंड को आपदाग्रस्त क्षेत्र घोषित करने सहित किसानों के हित में कई मांगें रखी गईं।युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण घोष ने कहा कि झांसी जिले की गरौठा तहसील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अगस्त-सितंबर की भारी बारिश और जलभराव से उड़द,तिल,मूंग,मूंगफली सहित खरीफ की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। किसानों ने मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन बारिश ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।फसल गई, अब रबी की बुवाई भी मुश्किल किसान नेता हरनारायण घोष ने कहा कि अनेक किसानों ने खरीफ की फसल के लिए कर्ज लेकर खेती की थी। फसल खराब होने से किसानों के सामने लागत की भरपाई के साथ-साथ रबी की बुवाई के लिए बीज, खाद और डीजल की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज जारी करने की मांग की।गांव-गांव हो नुकसान का पारदर्शी सर्वे किसान संगठन ने मांग की है कि राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर खेतों में हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे करें। संगठन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र किसानों के दावों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा बीमा राशि उपलब्ध कराने की भी मांग की।बारिश से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों का सर्वे कराकर पात्र परिवारों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।मुख्यमंत्री के नाम रखीं पांच प्रमुख मांगें ज्ञापन के माध्यम से बुंदेलखंड को आपदाग्रस्त क्षेत्र घोषित करने, प्रभावित किसानों के कृषि ऋण पर पूर्ण कर्जमाफी के संबंध में तत्काल निर्णय लेने, विशेष राहत पैकेज एवं फसल बीमा की राशि शीघ्र उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर मुआवजा देने तथा 72 घंटे के भीतर खेतों और मकानों के नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराने की मांग की गई।राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देशराज सुल्लेरे ने कहा कि किसान प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं और ऐसे समय में शासन-प्रशासन की त्वरित मदद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों तक राहत जल्द पहुंचाई जाए, ताकि किसानों को अगली फसल की तैयारी में मदद मिल सके।ज्ञापन के दौरान रामपाल सिंह जिलाध्यक्ष, पुष्पेन्द्र सिंह पाल जिला उपाध्यक्ष,प्रकाश यादव जिला संरक्षक,मनोहर आर्य जिला सचिव,कृपेन्द्र सिंह ब्लॉक अध्यक्ष गुरसरांय,कालीचरण कुशवाहा ब्लॉक अध्यक्ष मऊरानीपुर,सिंह कुमार तिवारी,साकेत चौरसिया, राघवेंद्र नायक,विकल नायक, अंशुल नायक,कुलदीप तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
