दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चिकित्सा अधिकारी एवं लैब टेक्नीशियन मिले अनुपस्थित
पीएचसी पर प्रतिमाह हो रहे हैं 60 से 70 प्रसव
झांसी दिनांक 19 सितंबर 2026
मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने शनिवार को विकासखंड चिरगांव के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघैरा का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रातः 10:00 बजे जब पीएचसी पर पहुंचे तो फार्मासिस्ट श्री आत्माराम कुशवाहा एवं स्टाफ नर्स रामकिशन सैनी उपस्थित मिले, जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप जादौन एवं लैब टेक्नीशियन दीक्षा कुशवाहा अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका से पता चला कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी दिनांक 15.09.2026 से अनुपस्थित चल रहे हैं एवं लैब टेक्नीशियन 16.09.2026 से अनुपस्थित हैं। सीएमओ ने अनुपस्थित चिकित्सक एवं लैब टेक्नीशियन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न कक्षों का भ्रमण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। सीएमओ ने दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, ओपीडी सहित साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। दवा भंडार कक्ष में एंटी स्नेक वेनम 21 वायल तथा एंटी रेबीज वैक्सीन 23 वायल उपलब्ध पाई गईं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केन्द्र पर आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा दवा वितरण की व्यवस्था सुचारु एवं पारदर्शी रखी जाए। प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रसव सेवाओं की स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बताया गया कि पीएचसी बघैरा में प्रतिमाह लगभग 60 से 70 प्रसव कराए जा रहे हैं। सीएमओ ने प्रसव सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, मरीजों एवं तीमारदारों के लिए स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अपने कार्यस्थल पर समय से उपस्थित रहकर शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के लिए भी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के समय एआरओ श्री आर एम मौर्या उपस्थित रहे।
