गरौठा। झांसी जिले की गरौठा तहसील अंतर्गत ग्राम बंगरा में 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन के तार जमीन से महज करीब चार फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं। खेतों से होकर गुजर रहे इन तारों के कारण किसानों और उनके पशुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार जयराम एवं धूराम के खेतों में 11 हजार वोल्टेज के विद्युत तार अत्यधिक नीचे लटक रहे हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों तथा वहां आने-जाने वाले पशुओं के लिए यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि तारों की ऊंचाई बेहद कम होने के कारण उन्हें हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की सूचना संबंधित विद्युत विभाग के कर्मचारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक तारों को ऊंचा करने अथवा समस्या का स्थायी समाधान करने की दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर निरीक्षण कर 11 हजार वोल्टेज के तारों को निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि भविष्य में इन नीचे लटकते तारों की वजह से कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी।
